शहीद वीर नारायण सिंह की धरती पर CM विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात, 101 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण–‘मोदी की हर गारंटी हो रही पूरी’

साय

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस पर उनकी जन्मभूमि सोनाखान पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने वीर नारायण सिंह के वंशजों को सम्मानित किया और 101 करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले 119 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 31 कार्यों का भूमिपूजन और 88 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही सीएम ने सोनाखान में ग्रामीण बस सेवा शुरू करने, नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण, सियान सदन, मड़ई मेला स्थल शौचालय निर्माण और इको-टूरिज्म विकास जैसी घोषणाएँ भी कीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ गरीबों के हक की लड़ाई लड़ी और अकाल के समय अनाज बांटकर मानवता का उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह स्वाभिमान, संघर्ष और न्याय के प्रतीक हैं, और राज्य सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए गरीबों व वंचितों के लिए कार्य कर रही है। इस दौरान पीएम आवास ग्रामीण की चाबियां, युवाओं को नियुक्ति पत्र और आदिवासी समाज के प्रतिभावान छात्रों को सम्मान भी दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की “मोदी गारंटी” के तहत अधिकांश वादे पूरे किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन से घर-घर पानी पहुंच रहा है और “हम होंगे कामयाब” योजना के अंतर्गत युवाओं को रोजगार मिल रहा है। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सोनाखान से देशभर को वीरता का संदेश जाता है और आज राज्य में भी गरीबों, महिलाओं और आदिवासी समाज के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं तेजी से लागू की जा रही हैं।

Nikhil Vakharia

Nikhil Vakharia

मुख्य संपादक