गांधी मैदान में नवरात्रि की रौनक चार दिवसीय भव्य रास गरबा महोत्सव का पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने किया शुभारंभ

निखिल वखारिया

नगर के गांधी मैदान में आज से चार दिवसीय भव्य रास-गरबा महोत्सव का शुभारंभ हुआ, जिसका आयोजन श्री सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। नवरात्रि पर्व पर आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव का उद्घाटन नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नगरवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और कहा कि “गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, उत्साह और एकता का प्रतीक है। इस महोत्सव से हम अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखते हैं।”

उद्घाटन अवसर पर पूर्व नपा उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनटेके, कैट अध्यक्ष प्रकाश चंद रोहरा, निखिल वखारिया, समिति अध्यक्ष विनय दासवानी, संदीप सरकार, संजीव साहू, मनोज खरे, ऐश्वर्य यदु, उत्तम सोनी, सुरेश मानिकपुरी, रितेश तांडी, भावेश सिन्हा, युगल शर्मा, अयोध्या यादव और सागर मयाणी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समिति अध्यक्ष विनय दासवानी ने कहा कि यह महोत्सव पूरे शहर का उत्सव है। उन्होंने अपील की कि नगर के युवा, महिलाएं और बच्चे परंपरागत परिधानों में भाग लेकर इस उत्सव को यादगार बनाएं।

गौरतलब है कि इस गरबा महोत्सव का आयोजन लगातार चौथे वर्ष किया जा रहा है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक ताल और हिंदी, गुजराती व छत्तीसगढ़ी गीतों पर गरबा नृत्य का आनंद लिया। इस वर्ष 600 से अधिक प्रतिभागियों ने नामांकन कराया है। प्रतिदिन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, वहीं अंतिम दिन आकर्षक उपहारों की बौछार रहेगी।

आयोजन की भव्यता बढ़ाने के लिए चारों दिन छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कलाकार और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर जैसे धनेश साहू, प्रकाश अवस्थी, इशिका यादव, हर्षाली चौहान और इशिका वादवानी भी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

यह महोत्सव न केवल नृत्य और मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि सांस्कृतिक एकता, परंपरा और सामाजिक उत्साह का प्रतीक भी बन गया है, जिसे नगरवासी पूरे उल्लास और समर्पण के साथ मना रहे हैं।


Nikhil Vakharia

Nikhil Vakharia

मुख्य संपादक