निखिल वखारिया ।
गरियाबंद। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का गरियाबंद आगमन जोश और उत्साह के माहौल में हुआ। पदभार ग्रहण करने के बाद उनके पहले जिले के दौरे पर जगह-जगह आतिशबाजी, फूल वर्षा और नारों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया।

युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर उत्साहपूर्ण स्वागत किया। गरियाबंद के तिरंगा चौक में युवा नेता अमित बखारिया के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का फूलों और फलों से तौलकर अभिनंदन किया गया। इसके बाद जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा—
“पार्टी ने जो सम्मान मुझे दिया है, वह मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। हर कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लेना होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है और दुनिया आज भारत को नई दृष्टि से देख रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को “जनहित में समर्पित और संवेदनशील नेता” बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास और युवाओं का स्वर्णयुग शुरू हुआ है।
राहुल टिकरिहा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे मिशन 2029 को साधने में जुटें और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारें। उन्होंने कहा—
“युवा ही भाजपा की असली ताकत हैं। संगठन की रीढ़ बनकर काम करें। हर वार्ड, हर गांव में भाजपा का झंडा युवाओं के हाथों लहराना चाहिए।”

पूरा कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और जोश के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महामंत्री आशीष शर्मा, महामंत्री चंद्रशेखर साहू, कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष योगीराज माखन, अमित वखारिया,सागर मयानी,सुरज सिन्हा, प्रकाश सोनी, यश मिश्रा, नमन सेन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
