निखिल वखारिया।
राजिम, 5 मई 2025 — थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में गरियाबंद पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुसाफिरों (अजनबी रोल) का डेटाबेस तैयार करने की कार्ययोजना पर कदम बढ़ाया है।

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशानुसार एसडीओपी निशा सिन्हा और थाना प्रभारी निरीक्षक अमृत लाल साहू की अगुवाई में आज थाना राजिम में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में नगर पंचायत राजिम के सभी वार्ड पार्षदों और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक का मुख्य उद्देश्य था — नगर क्षेत्र में बाहर से आने वाले मुसाफिरों की पहचान और निगरानी हेतु थाना स्तर पर सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network and Systems) के माध्यम से एक केंद्रीकृत डाटाबेस तैयार करना।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
प्रत्येक वार्ड पार्षद को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले मुसाफिरों की पूरी जानकारी — नाम, पता, संपर्क विवरण एवं अन्य पहचान संबंधी जानकारी सहित — नजदीकी थाना को उपलब्ध कराएँ।
यह डाटा सीसीटीएनएस प्लेटफॉर्म पर दर्ज किया जाएगा, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई संभव हो सकेगी।
‘अजनबी रोल’ के नाम से तैयार हो रहे इस डेटाबेस का उपयोग भविष्य में संदिग्ध व्यक्तियों की पृष्ठभूमि जांच में किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य किसी निर्दोष नागरिक को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना और अपराधों को समय रहते रोकना है।
इस पहल से नगरवासियों को क्या मिलेगा लाभ?
इस व्यवस्था के जरिए न केवल क्षेत्र में बढ़ती बाहरी गतिविधियों पर नियंत्रण संभव होगा, बल्कि आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की पहचान और निगरानी भी अधिक व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी।
. (बिहान न्यूज़24×7 खबरे हमारी, भरोसा आपका)