पैसों के लेन-देन की बातचीत सामने आते ही पुलिस अधीक्षक ने लिया तत्काल संज्ञान, अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई
गरियाबंद — सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो में पुलिस अधिकारी द्वारा पैसों के लेन-देन की बातचीत सामने आने के बाद गरियाबंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज कोतवाली गरियाबंद में पदस्थ उप निरीक्षक अजय सिंह की होना प्रथम दृष्टया प्रतीत हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने तत्काल संज्ञान लेकर जांच प्रारंभ की तथा प्रथम दृष्टया पदीय कर्तव्यों के प्रति संदिग्ध आचरण, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर उप निरीक्षक अजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासन और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
