गरियाबंद। आयकर में छूट देने के बाद केंद्र सरकार ने जीएसटी सुधार लागू कर देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। इन सुधारों से उद्योग-व्यापार को नई मजबूती मिलेगी, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की बचत बढ़ेगी तथा आमजन को महंगाई से राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “एक भारत श्रेष्ठ भारत” का संकल्प अब साकार होता दिख रहा है।
ऐतिहासिक संविधान संशोधन और जीएसटी की यात्रा
धमतरी नगर निगम अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश रामू रोहरा ने गरियाबंद भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आजादी के बाद का 101वां संविधान संशोधन ऐतिहासिक रहा है। 1 जुलाई 2017 को जब जीएसटी लागू हुआ था, तब 17 प्रकार के अलग-अलग कर और 13 तरह के सेस समाप्त कर दिए गए थे। इससे कर व्यवस्था सरल, पारदर्शी और आमजन हितैषी बनी।
उन्होंने बताया कि अब नए सुधारों के तहत पहले की 4 स्लैब की जगह केवल 2 स्लैब रखे गए हैं। इससे वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में कमी आएगी, महंगाई पर नियंत्रण होगा और उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
आंकड़ों से साफ हुई आर्थिक प्रगति
रोहरा ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि 2015 में जहां जीएसटी करदाताओं की संख्या 66.50 लाख थी, वहीं 2025 तक यह बढ़कर डेढ़ करोड़ तक पहुंच गई है। इसी अवधि में कर संग्रह दोगुना हुआ है। इसका सीधा अर्थ है कि जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों से कृषि, उद्योग, बीमा और सेवा क्षेत्र को विशेष लाभ होगा। केवल अपवाद स्वरूप कुछ विलासिता वस्तुओं पर 40 प्रतिशत टैक्स रखा गया है।
छत्तीसगढ़ को मिला विशेष लाभ
रोहरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ को इन सुधारों से 6200 करोड़ रुपये का आर्थिक प्रोत्साहन मिला है। पहले जहां राज्यों को राजस्व में 32 प्रतिशत हिस्सा मिलता था, अब यह बढ़कर 42 प्रतिशत हो गया है। इससे राज्य की जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोज़गार जैसे क्षेत्रों में सीधा फायदा होगा।
विपक्ष के आरोपों का जवाब
रोहरा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य दल अफवाह फैलाकर जीएसटी सुधारों को अमेरिका टैरिफ या चुनावी फायदे से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि जीएसटी काउंसिल हर निर्णय दो-तिहाई बहुमत से लेती है। यह राजनीतिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय सहमति का निर्णय है।
“आठ वर्षों की मेहनत का परिणाम”
रोहरा ने कहा कि आठ साल की निरंतर मेहनत और राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम है कि आज भारत इतने बड़े आर्थिक सुधार लागू करने की स्थिति में है। यह सुधार न केवल महंगाई से राहत देंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को विकास की नई गति प्रदान करेंगे।
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महामंत्री आशीष शर्मा,चंद्रशेखर साहू, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, जिला मंत्रीसुरेंद्र सोनटेके, जिला कोषाध्यक्षअजय रोहरा, अमित वखारिया शामिल थे।