Google Map ने फिर दिया धोखा! खाई में गिरी कार, पुलिस ने बचाई महिला की जान… पहले भी कई बार हुआ ऐसा

नवी मुंबई: नवी मुंबई के बेलापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार रात करीब 1 बजे गूगल मैप के सहारे जा रही एक महिला अपनी कार के साथ खाड़ी में जा गिरी। महिला बेलापुर से उल्वे की तरफ जा रही थी।

क्या है पूरा मामला?

गूगल मैप पर महिला को ब्रिज के ऊपर का रास्ता नहीं दिखा बल्कि नीचे से जाने का मार्ग दिखाई दिया। जिसके बाद महिला नीचे गई और सीधे खाड़ी में जा गिरी। वहां मौजूद सागरी सुरक्षा बल के लोगों ने इस घटना को देख लिया। जब सुरक्षाबल के लोग नजदीक पहुंचे तो देखा कि महिला उसमें तैर रही है। तुरंत सुरक्षा रक्षकों ने उसे बाहर निकाला और बाद में क्रेन की मदद से कार को भी बाहर निकाला गया। इसके बाद महिला को सुरक्षित घर पहुंचाया गया।

बता दें कि गूगल मैप के चलते पहले भी भारत में इस प्रकार की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 

दिसंबर 2024 में यूपी के बरेली में हुआ था हादसा

गूगल मैप की वजह से दिसंबर 2024 में यूपी के बरेली में भी हादसा हुआ था। ये हादसा बरेली के इज्जत नगर थाना क्षेत्र के पीलीभीत रोड पर हुआ था। यहां तीन युवक कानपुर से पीलीभीत जा रहे थे और गूगल मैप का इस्तेमाल कर रहे थे लेकिन पीलीभीत बाइपास पर एक नहर किनारे छोटे से रास्ते पर वह हादसे का शिकार हो गए।

कार नहर में पलट गई। घटना सुबह 6 बजे की है। कार में तीन लोग सवार थे। हालांकि गनीमत ये रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

गौरतलब है कि देश में हर दिन सैकड़ों लोग रोड एक्सीडेंट की वजह से अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठते हैं। ऐसे में वाहन चलाते समय पूरी तरह अलर्ट रहें। एक गलती आपके जीवन के लिए खतरा पैदा कर सकती है। 

Nikhil Vakharia

Nikhil Vakharia

मुख्य संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *