गरियाबंद, 05 जून 2026/ गरियाबंद विकासखंड के ग्राम खरहरी में 27 मई को आयोजित सुशासन कार्यक्रम के दौरान बरगद का पेड़ गिरने से घायल हुए 07 लोगों में से 05 का उपचार जिला चिकित्सालय गरियाबंद में किया गया, जबकि 02 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सालय रेफर किया गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय मेसराज सिन्हा का उपचार एक निजी अस्पताल में कराया गया। उपचार पर लगभग 35 हजार रुपये का खर्च आया, जिसका वहन शासन की आयुष्मान भारत योजना के तहत किया गया। सफल उपचार के बाद मेसराज पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। वहीं ग्राम रावनसिंघी निवासी 16 वर्षीय अनुराग साहू को गंभीर स्थिति में मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया था, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा गरियाबंद आगे आई है। रेडक्रॉस के जिला अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री बी.एस. उइके तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप ने मेसराज सिन्हा को 16 हजार रुपये और अनुराग साहू को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा दी गई इस मदद से प्रभावित परिवारों को उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया है।
