18 स्कूल बसों की जांच में कई सुरक्षा खामियां उजागर, 7 नाबालिग वाहन चालक भी पकड़े गए; नियमों के पालन के लिए स्कूल प्रबंधन और पालकों को चेतावनी।
गरियाबंद। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में गरियाबंद पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से निजी स्कूलों की बसों और सड़क पर चल रहे वाहनों की आकस्मिक जांच की।
अभियान के दौरान श्रद्धा पब्लिक स्कूल, द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल और एंग्लो एंजल्स पब्लिक स्कूल की कुल 18 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। जांच में 6 बसों में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान कई बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र समाप्त, अग्निशमन यंत्र एक्सपायर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई, जिस पर परिवहन विभाग ने मौके पर ही कार्रवाई की।
इसी अभियान के दौरान 7 नाबालिग वाहन चालक भी वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके विरुद्ध यातायात पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
गरियाबंद पुलिस एवं परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पालकों से अपील की गई है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
