स्कूलों में पौधारोपण के साथ साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, POCSO Act, डायल-112 और गुड टच–बैड टच पर किया गया जागरूक
गरियाबंद। भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में “एकता वृक्षारोपण अभियान” का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश देते हुए पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन, POCSO Act के महत्वपूर्ण प्रावधानों, आपातकालीन सेवा डायल-112 की उपयोगिता तथा गुड टच–बैड टच की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में दी गई। साथ ही आत्मरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि एक पौधा केवल पर्यावरण की सुरक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी संदेश देता है। विद्यार्थियों ने भी पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
गरियाबंद पुलिस का यह अभियान न केवल सरदार पटेल की राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को भी नई दिशा प्रदान करता है।
